कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दीपके बुधवार दोपहर दिल्ली एयरपोर्ट पहुंचे। एयरपोर्ट से बाहर निकलते समय कुछ लोगों ने उन्हें घेरकर नारेबाजी की।
.jpg&w=3840&q=75)
Delhi News : कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दीपके बुधवार दोपहर दिल्ली एयरपोर्ट पहुंचे। एयरपोर्ट से बाहर निकलते समय कुछ लोगों ने उन्हें घेरकर नारेबाजी की। एक यात्री ने उनसे कहा, “क्यों देश को खराब कर रहे भाई।” इस पर दीपके ने थम्स अप का इशारा किया और वहां से चले गए। इधर, CJP के प्रवक्ता सौरव दास और आशुतोष रांका को दिल्ली की विशेष अदालत ने पांच दिन की न्यायिक हिरासत में तिहाड़ जेल भेज दिया है। दोनों को मंगलवार को जंतर-मंतर पर प्रदर्शन के दौरान हिरासत में लिया गया था।
CJP की लीगल टीम प्रमुख रत्ना सिंह के मुताबिक, नेताओं पर बिना अनुमति जंतर-मंतर में प्रवेश करने, बॉन्ड की शर्तों का उल्लंघन करने और सरकारी काम में बाधा डालने के आरोप हैं। पुलिस ने उन्हें मंदिर मार्ग थाने में पेश किया। इसके बाद अदालत ने सौरव दास और आशुतोष रांका को पांच दिन की न्यायिक हिरासत में भेजने का आदेश दिया।
CJP नेताओं की हिरासत को लेकर कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि जंतर-मंतर पर शांतिपूर्ण विरोध के दौरान तिरंगा लहराना अपराध नहीं है और इसके लिए युवाओं को जेल भेजना गलत है। CJP संस्थापक अभिजीत दीपके ने भी हिरासत पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि नेताओं को वकीलों से मिलने नहीं दिया गया। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने भी प्रदर्शन स्थल से जुड़े फैसले और विरोध के अधिकार को लेकर केंद्र सरकार की आलोचना की।
CJP ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) पर रोक की मांग को लेकर 10 अक्टूबर को जंतर-मंतर पर प्रदर्शन बुलाया था। इससे पहले अभिजीत दीपके, सौरव दास और आशुतोष रांका को हिरासत में लिया गया था। 11 अक्टूबर को तीनों को दिल्ली कैंट की विशेष कार्यकारी मजिस्ट्रेट अदालत में पेश किया गया। इसके बाद उन्हें 50-50 हजार रुपये के जमानती मुचलके पर रिहा किया गया था। रिपोर्ट के मुताबिक, रिहाई के लिए शांति बनाए रखने और शांति भंग करने वाली गतिविधियों से दूर रहने की शर्त वाला बॉन्ड भी लिया गया था।
12 अक्टूबर को केंद्र सरकार ने जंतर-मंतर को निर्धारित प्रदर्शन स्थलों की सूची से हटा दिया था। करीब 33 साल से यह स्थान विरोध प्रदर्शनों के लिए इस्तेमाल होता रहा है। गृह मंत्रालय की समिति की सिफारिश के बाद रामलीला मैदान, बुराड़ी ग्राउंड और पूर्वी दिल्ली के CBD ग्राउंड को प्रदर्शन स्थलों के रूप में सूचीबद्ध किया गया। CJP ने इसी दिन जंतर-मंतर पर प्रदर्शन की अनुमति मांगी थी, लेकिन पुलिस ने इसकी अनुमति देने से इनकार कर दिया था।
.jpg&w=3840&q=75)

.jpg&w=3840&q=75)