शहर के क्रिकेट प्रेमियों के लिए नवंबर का महीना खास होने जा रहा है। होलकर स्टेडियम में 14 नवंबर से सैयद मुश्ताक अली टी-20 ट्रॉफी के मुकाबले खेले जाएंगे।
Indore News: शहर के क्रिकेट प्रेमियों के लिए नवंबर का महीना खास होने जा रहा है। होलकर स्टेडियम में 14 नवंबर से सैयद मुश्ताक अली टी-20 ट्रॉफी के मुकाबले खेले जाएंगे। इस राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में भारतीय टीम के विस्फोटक बल्लेबाज अभिषेक शर्मा और युवा क्रिकेटर वैभव सूर्यवंशी भी मैदान पर नजर आएंगे। अभिषेक शर्मा दिल्ली की टीम का प्रतिनिधित्व करेंगे, जबकि वैभव सूर्यवंशी बिहार की ओर से खेलेंगे। प्रतियोगिता के तहत इंदौर में कुल 21 मुकाबले आयोजित किए जाएंगे। इनमें अधिकांश मैच होलकर स्टेडियम और कुछ मुकाबले डेली कॉलेज मैदान पर खेले जाएंगे। होलकर स्टेडियम में दिन-रात के मैच होंगे, जबकि डेली कॉलेज में दिन के मुकाबले आयोजित किए जाएंगे।
क्रिकेट प्रेमियों के लिए राहत की बात यह है कि इन मुकाबलों को देखने के लिए कोई टिकट नहीं लेना होगा। सभी मैचों में दर्शकों का प्रवेश निःशुल्क रहेगा। इससे शहर के प्रशंसकों को घरेलू टी-20 प्रतियोगिता में बड़े खिलाड़ियों को खेलते देखने का मौका मिलेगा।
मध्यप्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (एमपीसीए) के सचिव सुधीर असनानी ने बताया कि होलकर स्टेडियम में मुकाबलों के आयोजन को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
इंदौर में दिल्ली, बिहार, सौराष्ट्र, हरियाणा, पंजाब, रेलवे, तमिलनाडु और जम्मू-कश्मीर की टीमें खेलेंगी। प्रतियोगिता के दौरान दिल्ली-बिहार, दिल्ली-पंजाब, दिल्ली-हरियाणा, सौराष्ट्र-बिहार, रेलवे-तमिलनाडु और जम्मू-कश्मीर-दिल्ली जैसे मुकाबले भी देखने को मिलेंगे।
होलकर स्टेडियम में पिछला अंतरराष्ट्रीय टी-20 मुकाबला 11 अक्टूबर 2026 को भारत और वेस्टइंडीज के बीच खेला गया था। इस मैच में अभिषेक शर्मा ने महज 30 गेंदों में 69 रन की पारी खेली थी। इसमें 6 चौके और 5 छक्के शामिल थे। भारत ने यह मुकाबला 14 रन से अपने नाम किया था। होलकर स्टेडियम की सपाट पिच और छोटी बाउंड्री बल्लेबाजों को बड़े शॉट खेलने का मौका देती है। ऐसे में सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के दौरान भी दर्शकों को रोमांचक और बड़े स्कोर वाले मुकाबले देखने की उम्मीद है।
.jpg&w=3840&q=75)

.jpg&w=3840&q=75)