पंजाबी सिंगर और अभिनेता दिलजीत दोसांझ के प्रस्तावित कॉन्सर्ट को लेकर मिल रही धमकियों के बीच महापौर पुष्यमित्र भार्गव का बयान सामने आया है। उन्होंने कहा कि इंदौर में दिलजीत का शो अच्छे से आयोजित हो, इसके लिए अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए गए हैं।

Indore News:पंजाबी सिंगर और अभिनेता दिलजीत दोसांझ के प्रस्तावित कॉन्सर्ट को लेकर मिल रही धमकियों के बीच महापौर पुष्यमित्र भार्गव का बयान सामने आया है। उन्होंने कहा कि इंदौर में दिलजीत का शो अच्छे से आयोजित हो, इसके लिए अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए गए हैं। साथ ही उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी को भी अकारण और बेवजह परेशान नहीं किया जाना चाहिए।
दरअसल, दिलजीत दोसांझ का 15 नवंबर को इंदौर के C-21 ग्राउंड पर कॉन्सर्ट प्रस्तावित है। कार्यक्रम से पहले महापौर कार्यालय और शहर के तीन निजी स्कूलों को धमकी भरे ई-मेल मिले थे। इनमें कॉन्सर्ट के दौरान बम धमाके करने की चेतावनी दी गई थी। वहीं, स्कूलों को छात्रों को कार्यक्रम में नहीं भेजने की धमकी भी दी गई थी।
धमकी भरे ई-मेल मिलने के बाद पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गई थीं। तीनों स्कूलों में बम निरोधक दस्ते ने जांच की, लेकिन कोई विस्फोटक सामग्री नहीं मिली। पुलिस की शुरुआती जांच में ई-मेल फर्जी होने की आशंका जताई गई है। क्राइम ब्रांच ई-मेल भेजने वालों की पहचान के लिए तकनीकी जांच कर रही है। महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने भी धमकी भरे ई-मेल पुलिस कमिश्नर को भेजे थे। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि कॉन्सर्ट के आयोजन में अनावश्यक बाधाएं न आएं और सभी व्यवस्थाएं नियमानुसार की जाएं।
कॉन्सर्ट को लेकर डबल टैक्सेशन का मुद्दा भी चर्चा में आया था। इस पर महापौर ने कहा कि विषय को स्पष्ट कर दिया गया है। वर्तमान में काम कर रही एजेंसी को नए नियमों और निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार ही काम करना होगा। यदि पुरानी एजेंसी ने पैसे जमा नहीं किए हैं, तो उसके खिलाफ अलग से कार्रवाई की जाएगी।
महापौर पुष्यमित्र भार्गव ये बातें रेसीडेंसी स्थित अपने निवास पर बच्चों के साथ दीपोत्सव मनाने के दौरान कहीं। इस मौके पर उनकी पत्नी जूही भार्गव भी मौजूद थीं। महापौर दंपती ने स्कूली बच्चों और बस्ती के बच्चों के साथ दीपावली मनाई। बच्चों के साथ रंगोली बनाई, मिठाई और नाश्ता किया तथा पटाखे और फुलझड़ियां जलाकर खुशियां साझा कीं। कार्यक्रम के अंत में बच्चों को नए कपड़े उपहार में दिए गए। महापौर ने कहा कि असली दिवाली उन लोगों के साथ मनाने में है, जो इंदौर को लगातार नंबर वन बनाए रखने के लिए मेहनत करते हैं। इसी भावना के साथ बस्ती हाट में भी ट्रिपल आर (RRR) फॉर्मूले के तहत दीपावली मनाई गई थी। उन्होंने शहरवासियों को दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि बस्ती और मोहल्लों के परिवारों के साथ त्योहार की खुशियां बांटना उनके लिए खास है।
.jpg&w=3840&q=75)

.jpg&w=3840&q=75)