Agar Malwa protest: आगर मालवा के सुसनेर में कंठाल नदी पर पुल निर्माण की मांग को लेकर ग्रामीणों ने प्रदर्शन किया। 15 गांवों के लोगों ने मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपते हुए जल्द पुल बनाने और मांग पूरी नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी।
.jpg&w=3840&q=75)
Agar Malwa protest: आगर मालवा। आगर मालवा जिले के सुसनेर क्षेत्र में कंठाल नदी पर पुल निर्माण की मांग एक बार फिर जोर पकड़ने लगी है। बरसात के दौरान रास्ता बंद होने से 15 गांवों के लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। इसी समस्या को लेकर ग्रामीणों ने तहसील कार्यालय पहुंचकर मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा और जल्द पुल निर्माण की मांग की। साथ ही चेतावनी दी कि मांग पूरी नहीं हुई तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।
Umar Khalid Bail : उमर खालिद की जमानत याचिका पर दिल्ली पुलिस को नोटिस, क्या जेल से होगी रिहाई?:
ग्रामीणों ने बताया कि मैना मार्ग स्थित कंठाल नदी का रपटा करीब 15 गांवों के लिए मुख्य संपर्क मार्ग है। यही रास्ता राजस्थान की ओर भी जाता है। बारिश में नदी का जलस्तर बढ़ते ही रपटे पर पानी भर जाता है, जिससे आवाजाही पूरी तरह बंद हो जाती है। ऐसे में लोगों को कई किलोमीटर लंबा चक्कर लगाकर सफर करना पड़ता है।
ग्रामीणों के मुताबिक बरसात के दिनों में मरीजों, स्कूली बच्चों, किसानों और रोजाना आने-जाने वाले लोगों को सबसे अधिक दिक्कत होती है। कई बार लोग मजबूरी में तेज बहाव के बीच रपटा पार करते हैं, जिससे हादसे का खतरा बना रहता है।
शिव युवा सेना के जिलाध्यक्ष मनोहर सिंह बगड़ावत के नेतृत्व में ग्रामीणों ने तहसीलदार को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। उन्होंने मांग की कि कंठाल नदी पर ऊंचा और चौड़ा पुल बनाया जाए, ताकि सालभर सुरक्षित आवागमन बना रहे। ग्रामीणों का कहना है कि यदि जल्द निर्माण कार्य शुरू नहीं हुआ तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

