जिले में गांजे की अवैध खेती के खिलाफ पुलिस ने दो अलग-अलग जगहों पर कार्रवाई करते हुए 1,700 से अधिक पौधे जब्त किए हैं
Barwani News : जिले में गांजे की अवैध खेती के खिलाफ पुलिस ने दो अलग-अलग जगहों पर कार्रवाई करते हुए 1,700 से अधिक पौधे जब्त किए हैं। वरला और सिलावद थाना क्षेत्रों में हुई इन कार्रवाइयों में कुल 1,737 गांजे के पौधे बरामद किए गए। जब्त पौधों का वजन करीब 4 क्विंटल 28 किलो 840 ग्राम है। पुलिस के मुताबिक, इनकी अनुमानित कीमत 41 लाख 98 हजार रुपए है। दोनों मामलों में एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी गई है।
सेंधवा एसडीओपी अजय वाघमरे ने बताया कि वरला थाना क्षेत्र में गांजे की अवैध खेती की सूचना मिली थी। इसके बाद पुलिस बल ने ड्रोन की मदद से इलाके में सर्चिंग की। इस दौरान एक खेत में गांजे के पौधे दिखाई दिए। पुलिस ने मौके पर दबिश देकर 1,700 से अधिक पौधे जब्त किए। इनका कुल वजन 4 क्विंटल 19 किलोग्राम बताया गया है। पुलिस के अनुसार, जब्त पौधों की अनुमानित कीमत करीब 41 लाख रुपए है। फिलहाल खेत के दस्तावेज और उसके मालिक की जानकारी जुटाई जा रही है। मामले में एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज कर आरोपी की तलाश की जा रही है।
वहीं, सिलावद थाना क्षेत्र के ग्राम काजल माता में भी गांजे की खेती की सूचना पर पुलिस ने कार्रवाई की। थाना प्रभारी आरके लववंशी के मुताबिक, दबिश के दौरान खेत से गांजे के 37 पौधे बरामद किए गए। इनका वजन 9 किलो 840 ग्राम और अनुमानित कीमत करीब 98 हजार रुपए बताई गई है। पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
जिले में गांजे की अवैध खेती के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान को पुलिस ने 'ऑपरेशन ग्रीन स्ट्राइक' नाम दिया है। पुलिस का कहना है कि अवैध खेती के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जाएगी।
.jpg&w=3840&q=75)

.jpg&w=3840&q=75)