Loading...
Loading...
बड़वानी पुलिस ने भिंड के दो आरोपियों को 12 अवैध हथियारों के साथ गिरफ्तार किया। पूछताछ में अंतरजिला हथियार सप्लाई नेटवर्क का खुलासा हुआ, जिसके बाद पुलिस पूरे गिरोह की तलाश में जुटी है।

बड़वानी। मध्यप्रदेश के बड़वानी जिले की सिलावद थाना पुलिस ने अवैध हथियारों की तस्करी करने वाले अंतरजिला नेटवर्क का भंडाफोड़ करते हुए भिंड के दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 6 देशी .32 बोर पिस्टल और 6 देशी 12 बोर कट्टे सहित कुल 12 अवैध आग्नेयास्त्र बरामद किए हैं। इसके अलावा एक मोटरसाइकिल, मोबाइल फोन और हथियारों की पैकिंग व परिवहन में इस्तेमाल होने वाला सामान भी जब्त किया गया है।
पुलिस अधीक्षक पद्मविलोचन शुक्ल के अनुसार, सिलावद थाना प्रभारी रामकृष्ण लौवंशी को सूचना मिली थी कि दो युवक इंदौर की ओर से पलसूद क्षेत्र में हथियार खरीदने आए हैं और सिलावद मार्ग से वापस लौटेंगे। सूचना के आधार पर पुलिस ने ग्राम हिरकराय के पास वाहन चेकिंग शुरू की। संदिग्ध बाइक को रोककर तलाशी लेने पर आरोपियों के बैग से 12 अवैध हथियार बरामद हुए।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विपेन्द्र सिंह सिकरवार (24) निवासी ग्राम खिरोली, जिला भिंड और अंकुश सिंह चौहान (23) निवासी ग्राम रहावली, जिला भिंड के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार दोनों आरोपियों का आपराधिक रिकॉर्ड रहा है। विपेन्द्र सिंह के खिलाफ ग्वालियर क्राइम ब्रांच में आर्म्स एक्ट का मामला दर्ज है, जबकि अंकुश सिंह पर ग्वालियर और भिंड में आर्म्स एक्ट के अलावा हत्या और हत्या के प्रयास सहित कई गंभीर मामले दर्ज हैं।
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उन्होंने ये हथियार पलसूद थाना क्षेत्र के उण्डी खोदरी निवासी कृष्णा सिकलीगर से खरीदे थे। इन हथियारों की खेप भिंड निवासी बबलू ठाकुर तक पहुंचाई जानी थी। इस खुलासे के बाद पुलिस ने हथियार सप्लाई नेटवर्क के मास्टरमाइंड, हथियार बनाने वालों और अन्य सहयोगियों की तलाश तेज कर दी है।
पुलिस का कहना है कि अवैध हथियारों की तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश कर इसमें शामिल सभी आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
अभी तक कोई टिप्पणी नहीं है।
पहली टिप्पणी करने वाले बनें!
हमारे साथ जुड़ें
ताज़ा ख़बरों और अपडेट्स के लिए हमारे इंस्टाग्राम पेज को फॉलो करें और हमारे कम्युनिटी का हिस्सा बनें।
फॉलो करें