पंजाबी सिंगर दिलजीत दोसांझ के 15 नवंबर को इंदौर में होने वाले लाइव कॉन्सर्ट से पहले नगर निगम ने आयोजकों पर सख्ती दिखाई है।

Indore News: पंजाबी सिंगर दिलजीत दोसांझ के 15 नवंबर को इंदौर में होने वाले लाइव कॉन्सर्ट से पहले नगर निगम ने आयोजकों पर सख्ती दिखाई है। 8 दिसंबर 2024 को हुए उनके पिछले कॉन्सर्ट का करीब 2 करोड़ रुपए मनोरंजन कर अब तक जमा नहीं किया गया है। निगम ने आयोजकों और आयोजन स्थल के मालिक को नोटिस जारी कर बकाया राशि जमा करने के निर्देश दिए हैं।
नगर निगम ने स्पष्ट किया है कि पुराने कार्यक्रम का बकाया टैक्स जमा किए बिना नए कॉन्सर्ट को अनुमति नहीं दी जाएगी। दरअसल, दिसंबर 2024 में आयोजित कार्यक्रम में टिकट बिक्री पर 10 प्रतिशत मनोरंजन कर जमा करना अनिवार्य था। इस संबंध में निगम ने आयोजकों को नोटिस भी जारी किया था, लेकिन अब तक राशि जमा नहीं हुई।बकाया वसूली के लिए निगम ने एमआर-10 रोड स्थित आयोजन स्थल के मालिक से संपत्ति से जुड़े दस्तावेज भी मांगे हैं।
दिलजीत के कॉन्सर्ट के बाद इसी इवेंट कंपनी ने पंजाबी गायक करण औजला का शो भी आयोजित किया था। इस बार नगर निगम ने मनोरंजन कर की वसूली को लेकर सख्ती बरती और आयोजकों से 57 लाख रुपए जमा कराए। इसके बाद दिलजीत के पिछले कार्यक्रम का बकाया टैक्स वसूलने की कार्रवाई भी तेज कर दी गई।अपर आयुक्त आकाश सिंह के मुताबिक, आयोजकों और आयोजन स्थल के मालिक को 10 प्रतिशत मनोरंजन कर जमा करने के लिए नोटिस जारी किए गए हैं। नियमानुसार दोनों को संयुक्त रूप से नोटिस दिया गया है। निगम पुराने बकाया के साथ नए आयोजन के टैक्स की वसूली की भी तैयारी कर रहा है।
दिलजीत दोसांझ का नया कॉन्सर्ट 15 नवंबर को एमआर-10 रोड स्थित आयोजन स्थल पर होगा। आयोजकों के मुताबिक, कार्यक्रम में करीब 30 हजार दर्शकों के पहुंचने की क्षमता है। कॉन्सर्ट शाम 4 बजे से रात 10 बजे तक आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम के टिकटों की कीमत 4 हजार से 16 हजार 800 रुपए तक रखी गई है। पिछले साल हुए कॉन्सर्ट में करीब 25 हजार दर्शक शामिल हुए थे।
.jpg&w=3840&q=75)

.jpg&w=3840&q=75)