पंजाबी सिंगर दिलजीत दोसांझ के 15 नवंबर को इंदौर में होने वाले कॉन्सर्ट को लेकर सुरक्षा संबंधी गंभीर मामला सामने आया है।

Indore News: पंजाबी सिंगर दिलजीत दोसांझ के 15 नवंबर को इंदौर में होने वाले कॉन्सर्ट को लेकर सुरक्षा संबंधी गंभीर मामला सामने आया है। आतंकी संगठन के नाम से भेजे गए एक धमकी भरे ई-मेल में कार्यक्रम के दौरान आईईडी ब्लास्ट करने की चेतावनी दी गई है। यह ई-मेल इंदौर के महापौर पुष्यमित्र भार्गव के कार्यालय समेत कई लोगों को भेजा गया है। इसमें मुंबई में अमिताभ बच्चन के बंगले 'जलसा' को भी निशाना बनाने की धमकी दी गई है।
जानकारी के मुताबिक, धमकी भरा ई-मेल 'खालिस्तानी नेशनल आर्मी' के नाम से भेजा गया है। इसमें ई-मेल भेजने वालों के रूप में इंजीनियर गुरानाख सिंह, रुखन शाहवाला, डॉ. गुरनिरवेर सिंह और बब्बर खालसा (परमार-कनाड़) के प्रोफेसर गुरकाल सिंह पीएचडी के नाम लिखे गए हैं। ई-मेल में 15 नवंबर को होने वाले इंदौर कॉन्सर्ट के दौरान आईईडी से धमाका करने की चेतावनी दी गई है।
एडिशनल डीसीपी राजेश दंडोतिया के मुताबिक, इंदौर के तीन स्कूलों को भी धमकी भरे ई-मेल मिले हैं। इनमें अभिभावकों को चेतावनी दी गई है कि वे 15 नवंबर को दिलजीत दोसांझ के कार्यक्रम में अपने बच्चों को न भेजें, क्योंकि वहां बम धमाके किए जाएंगे। एहतियात के तौर पर पुलिस ने स्कूलों के नाम सार्वजनिक नहीं किए हैं। अधिकारियों के मुताबिक, ये ई-मेल सोमवार सुबह मिले और इनकी तकनीकी जांच की जा रही है।
दिलजीत दोसांझ इन दिनों म्यूजिक टूर पर हैं। दिल्ली में उनका कार्यक्रम हो चुका है। अब 15 नवंबर को इंदौर के सी-21 मैदान में उनका कॉन्सर्ट प्रस्तावित है। इससे पहले भी इस कार्यक्रम को लेकर धमकियां मिलने की बात सामने आ चुकी है।
धमकी के पीछे की वजह को लेकर सामने आई जानकारी में अमेरिका स्थित संगठन सिख फॉर जस्टिस (SFJ) के गुरपतवंत सिंह पन्नू का जिक्र किया गया है। बताया गया है कि पन्नू ने ऑस्ट्रेलिया और अन्य कार्यक्रमों के दौरान दिलजीत को धमकी दी थी। संगठन की ओर से आरोप लगाया गया कि दिलजीत ने बॉलीवुड अभिनेता अमिताभ बच्चन के पैर छूकर उनका सम्मान किया, जिससे 1984 के सिख दंगों के पीड़ितों की भावनाएं आहत हुईं। हालांकि, धमकी भरे ई-मेल के पीछे की वास्तविक वजह और भेजने वालों की पहचान की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
इससे पहले 23 अक्टूबर को मुंबई की पूर्व महापौर रितु तावड़े के कार्यालय में भी दिलजीत दोसांझ पर आत्मघाती हमले की धमकी वाला ई-मेल भेजे जाने की बात सामने आई थी।
धमकियों के बीच रविवार को दिलजीत दोसांझ ऋषिकेश में नजर आए। वे मां गंगा का आचमन करते और आशीर्वाद लेते दिखाई दिए। उन्होंने वशिष्ठ गुफा में भी कुछ समय बिताया और वहां अकेले बैठकर वक्त गुजारा।फिलहाल इंदौर पुलिस धमकी भरे ई-मेल की तकनीकी जांच कर रही है। कॉन्सर्ट और स्कूलों की सुरक्षा को लेकर आगे क्या कदम उठाए जाते हैं, इस पर सबकी नजर रहेगी।
.jpg&w=3840&q=75)

.jpg&w=3840&q=75)