दीपावली पर्व को देखते हुए इंदौर में सुरक्षा और ट्रैफिक व्यवस्था को लेकर विशेष इंतजाम किए गए हैं। शहर के पटाखा बाजारों में आग से बचाव के लिए फायर एक्सटिंग्विशर, रेत की बाल्टियां और पानी के ड्रम रखे गए हैं।
Indore News: दीपावली पर्व को देखते हुए इंदौर में सुरक्षा और ट्रैफिक व्यवस्था को लेकर विशेष इंतजाम किए गए हैं। शहर के पटाखा बाजारों में आग से बचाव के लिए फायर एक्सटिंग्विशर, रेत की बाल्टियां और पानी के ड्रम रखे गए हैं। वहीं, फायर ब्रिगेड की गाड़ियां भी बाजारों के आसपास लगातार गश्त कर रही हैं। दूसरी ओर, त्योहार के दौरान बाजारों में बढ़ती भीड़ को देखते हुए ट्रैफिक पुलिस ने भी व्यवस्था में बदलाव किया है। शहर के सबसे व्यस्त इलाकों में शामिल राजबाड़ा और आसपास के बाजारों में चार पहिया वाहनों, ऑटो रिक्शा और ई-रिक्शा की आवाजाही प्रतिबंधित की गई है। जरूरत पड़ने पर दोपहिया वाहनों की एंट्री भी रोकी जा सकती है।
राजबाड़ा और आसपास के बाजारों में पुलिस बल के साथ पेट्रोलिंग पार्टियां भी लगातार गश्त कर रही हैं। व्यापारियों और रेहड़ी-पटरी वालों को मुनादी के जरिए दुकानों का सामान तय सीमा के भीतर रखने के निर्देश दिए जा रहे हैं, ताकि बाजारों में भीड़ के बावजूद ट्रैफिक सुचारू बना रहे। शहर के अलग-अलग स्थानों पर पुलिस जवानों की तैनाती भी की गई है।
इंदौर में पश्चिम क्षेत्र के रीजनल पार्क के पास खाली मैदान, राजीव गांधी चौराहे के समीप देवी अहिल्या पटाखा मार्केट, राऊ, गोपुर चौराहे के पास मैदान, सिलिकॉन सिटी और देवगुराड़िया में पटाखा बाजार लगाए गए हैं। सुरक्षा के लिहाज से इन बाजारों में आग बुझाने के उपकरण और रेत की बाल्टियां रखी गई हैं।
पटाखा व्यापारी अमन वर्मा के मुताबिक, दीपावली को लेकर व्यापारियों और ग्राहकों में उत्साह है। खुदरा ग्राहकी भी बढ़ रही है। इस बार फैंसी और यूनिक पटाखों की मांग ज्यादा है। कार और ट्रेन के आकार वाले पटाखे बच्चों को आकर्षित कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि दुकानों के बाहर फायर एक्सटिंग्विशर, रेत की बाल्टियां और पानी के ड्रम रखे गए हैं और प्रशासन की गाइडलाइन का पालन किया जा रहा है। वहीं, व्यापारी भावेश यादव ने बताया कि अलग-अलग कंपनियों के पटाखों की मांग है। कलर वाले पटाखे ग्राहकों के बीच ट्रेंड में हैं और दुकानों पर अच्छी ग्राहकी हो रही है।
.jpg&w=3840&q=75)

.jpg&w=3840&q=75)