11 अक्टूबर को होलकर स्टेडियम में भारत और वेस्टइंडीज के बीच होने वाले तीसरे टी-20 मुकाबले से पहले इंदौर के होटल कारोबार में तेजी देखने को मिल रही है।

Indore News। 11 अक्टूबर को होलकर स्टेडियम में भारत और वेस्टइंडीज के बीच होने वाले तीसरे टी-20 मुकाबले से पहले इंदौर के होटल कारोबार में तेजी देखने को मिल रही है। मैच से पांच दिन पहले ही कमरों की डिमांड बढ़ गई है और इसका असर रूम रेट पर भी साफ दिखाई दे रहा है। 11 अक्टूबर के लिए कई होटलों में कमरे 6 अक्टूबर की तुलना में करीब दोगुने, जबकि कुछ जगह इससे भी ज्यादा कीमत पर उपलब्ध हैं। मैच का आयोजन शाम 7 बजे होना निर्धारित है।
रेडिसन में डीलक्स रूम 6,975 से बढ़कर 14 हजार
रेडिसन ब्लू में भारतीय टीम के खिलाड़ियों के ठहरने की व्यवस्था बताई गई है। यहां डीलक्स रूम का मौजूदा किराया 6,975 रुपए है, जबकि 11 अक्टूबर के लिए यही कमरा करीब 14 हजार रुपए में उपलब्ध है। प्रेसिडेंशियल सुइट का मौजूदा रेट 51,300 रुपए है, जो मैच की तारीख पर 56,655 रुपए बताया जा रहा है।
इंदौर मैरिएट में वेस्टइंडीज टीम के खिलाड़ियों के ठहरने की व्यवस्था है। यहां सबसे महंगे कमरे का मौजूदा रेट 13,050 रुपए है, जो 11 अक्टूबर को बढ़कर 21,565 रुपए हो रहा है। डीलक्स रूम का रेट भी 7,125 रुपए से बढ़कर 9,900 रुपए तक पहुंच गया है।
सयाजी होटल में सबसे महंगे कमरे का मौजूदा किराया 10,555 रुपए है, जो मैच वाले दिन 13,499 रुपए होगा। डीलक्स रूम 6,599 रुपए से बढ़कर 7,466 रुपए हो गया है। वहीं शेरेटन ग्रैंड पैलेस में कुछ कमरों के किराए में सबसे ज्यादा उछाल दिखाई दे रहा है। यहां 9,416 रुपए का कमरा 11 अक्टूबर को 24,699 रुपए तक पहुंच रहा है।
मैच देखने इंदौर आने वाले दर्शकों के कारण रेडिसन ब्लू और इंदौर मैरिएट के आसपास के होटलों में भी बुकिंग बढ़ी है। टीमों के ठहरने वाले होटल के साथ-साथ शहर के दूसरे होटलों में भी कमरों की उपलब्धता तेजी से घट रही है। होटल कारोबारियों के मुताबिक क्रिकेट मैच के दौरान बाहर से आने वाले दर्शकों से होटल और रेस्टोरेंट कारोबार को फायदा मिलता है।
मैच को लेकर कई होटल लॉबी, रेस्टोरेंट और कॉमन एरिया को क्रिकेट थीम पर सजाने की तैयारी कर रहे हैं। फोटो पॉइंट और क्रिकेट से जुड़े डिस्प्ले भी लगाए जाएंगे। खिलाड़ियों के लिए इंडियन और इंटरनेशनल व्यंजनों के साथ हल्का और प्रोटीन आधारित भोजन तैयार किया जाएगा।
खिलाड़ियों की डाइट और हाइड्रेशन को लेकर भी विशेष तैयारियां की जा रही हैं। वेस्टइंडीज टीम ने इंदौर में अतिरिक्त नारियल पानी का स्टॉक रखने की मांग की है। टीम की डाइट, हाइड्रेशन और रिकवरी को ध्यान में रखते हुए होटल प्रबंधन तैयारी कर रहा है।
होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष सुमित सूरी के अनुसार, इंदौर में क्रिकेट मैच होने पर होटल कारोबार में हर बार डिमांड बढ़ती है। इस बार भी टीमों के साथ बाहर से आने वाले दर्शकों की बुकिंग के कारण होटल सेक्टर में तेजी दिखाई दे रही है।
भारत और वेस्टइंडीज के बीच पांच मैचों की टी-20 सीरीज का तीसरा मुकाबला 11 अक्टूबर को होलकर स्टेडियम में खेला जाएगा।
.jpg&w=3840&q=75)

.jpg&w=3840&q=75)