शहर के कुमेड़ी में करीब 100 करोड़ रुपए की लागत से तैयार अत्याधुनिक इंटर स्टेट बस टर्मिनल (ISBT) यात्रियों के स्वागत के लिए तैयार है।
Indore News: शहर के कुमेड़ी में करीब 100 करोड़ रुपए की लागत से तैयार अत्याधुनिक इंटर स्टेट बस टर्मिनल (ISBT) यात्रियों के स्वागत के लिए तैयार है। 15 एकड़ यानी करीब 5.85 हेक्टेयर में बने इस टर्मिनल को सिर्फ बस स्टैंड नहीं, बल्कि एकीकृत परिवहन केंद्र के रूप में विकसित किया गया है। यहां बसों के साथ मेट्रो और भविष्य में रेलवे की कनेक्टिविटी भी उपलब्ध कराने की योजना है।टर्मिनल के संचालन और रखरखाव की जिम्मेदारी पुणे की बीवीजी इंडिया कंपनी को दी गई है। सुरक्षा के लिए पूरे परिसर में 225 से अधिक CCTV कैमरे लगाए गए हैं।
इस ISBT से मध्य प्रदेश के अलावा महाराष्ट्र, गुजरात, राजस्थान और उत्तर प्रदेश के लिए प्रतिदिन 1500 से अधिक बसों के संचालन की योजना है। शुरुआत में महाराष्ट्र और राजस्थान की बसें यहां से चलेंगी। यात्रियों की सुविधा के लिए टर्मिनल में 18 टिकट काउंटर और बड़ा वेटिंग एरिया तैयार किया गया है। भविष्य में यहां रेलवे टिकट बुकिंग की सुविधा भी उपलब्ध कराने की योजना है।
टर्मिनल में यात्रियों के लिए अलग से गोलाकार फूड जोन बनाया गया है। यहां कुल 16 रेस्टोरेंट तैयार किए गए हैं। इनमें 4 बड़े रेस्टोरेंट 1800 वर्ग फीट और 12 छोटे रेस्टोरेंट 450 वर्ग फीट के हैं। इसके अलावा परिसर के अंदर पैकेट फूड के लिए 23 दुकानें बनाई गई हैं। वहीं, बस ऑपरेटरों के कार्यालयों के लिए बाहर 12 दुकानें तैयार की गई हैं। यात्रियों को AC VIP लाउंज, ATM, पैकेट फूड, कोरियर और पार्सल सेवाओं जैसी सुविधाएं भी मिलेंगी।
ISBT की पहली मंजिल पर IT कंपनियों के लिए 33 आधुनिक ऑफिस बनाए गए हैं। खास बात यह है कि इस मंजिल को ग्लास ब्रिज के जरिए सीधे फूड जोन से जोड़ा गया है। इससे टर्मिनल में व्यावसायिक गतिविधियों के लिए भी जगह तैयार की गई है।
बस चालकों और परिचालकों की सुविधा का भी ध्यान रखा गया है। पार्किंग एरिया के पास अलग बिल्डिंग बनाई गई है, जहां 50 से अधिक ड्राइवर और कंडक्टर नाममात्र शुल्क पर रुक सकेंगे। यहां उनके सोने और खाने की व्यवस्था भी रहेगी।
टर्मिनल के बेसमेंट में 400 से अधिक दोपहिया और चार पहिया वाहनों की पार्किंग की सुविधा बनाई गई है। इसके अलावा परिसर के प्रवेश द्वार के अंदर देवी अहिल्याबाई होलकर, राजबाड़ा, लालबाग और महेश्वर घाट से जुड़ी तस्वीरें भी लगाई गई हैं। कुल मिलाकर, कुमेड़ी का यह ISBT इंदौर के अंतरराज्यीय बस परिवहन को नई सुविधा देने के साथ शहर के एक बड़े परिवहन केंद्र के रूप में विकसित किया गया है।
.jpg&w=3840&q=75)

.jpg&w=3840&q=75)