Indore Latest News: इंदौर के परदेशीपुरा इलाके में मां-बेटे की इलाज के दौरान मौत हो गई। दोनों को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया था। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
Indore Latest News: इंदौर। इंदौर के परदेशीपुरा इलाके में एक मां और बेटे की मौत का मामला सामने आया है। जहाँ दोनों माँ बेटे ने मंगलवार दोपहर घर से कुछ दूरी पर एक बगीचे में जहरीला पदार्थ खा लिया था। हालत बिगड़ने पर दोनों को एमवाय अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान पहले बेटे और फिर मां की मौत हो गई।
परदेशीपुरा थाना पुलिस के मुताबिक, 62 वर्षीय इंदिरा और उनके 35 वर्षीय बेटे संजय को मंगलवार दोपहर बगीचे में बेसुध हालत में पाया गया था। परिवार को इसकी जानकारी मिलने के बाद दोनों को अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस के अनुसार, अस्पताल में इलाज के दौरान बुधवार शाम संजय की मौत हो गई। इसके बाद गुरुवार सुबह इंदिरा ने भी दम तोड़ दिया।
रिश्तेदारों के मुताबिक, इंदिरा के पति का कई साल पहले निधन हो चुका था। इसके बाद वह अपनी बहन और परिवार के साथ रह रही थीं। परिवार ही उनके खर्च की जिम्मेदारी संभाल रहा था। बेटा संजय भी फिलहाल कोई काम नहीं करता था। परिजनों ने पुलिस को बताया कि मां-बेटे मानसिक स्वास्थ्य से जुड़ी परेशानियों से भी जूझ रहे थे और उनका इलाज चल रहा था।
पुलिस के मुताबिक, मां-बेटे ने अस्पताल में अपनी मर्जी से यह कदम उठाने की बात कही थी। हालांकि पूरे मामले की जांच अभी जारी है। पुलिस परिवार के सदस्यों और अन्य लोगों से जानकारी जुटा रही है, ताकि घटना की पूरी वजह सामने आ सके।

