शहर में कानून व्यवस्था संभालने की जिम्मेदारी जिन पुलिसकर्मियों पर है, उन्हीं पर ड्यूटी के दौरान एक बदमाश के साथ शराब पीने के आरोप लगे हैं।

Indore News: शहर में कानून व्यवस्था संभालने की जिम्मेदारी जिन पुलिसकर्मियों पर है, उन्हीं पर ड्यूटी के दौरान एक बदमाश के साथ शराब पीने के आरोप लगे हैं। मामला तिलक नगर थाने की एफआरवी टीम से जुड़ा बताया जा रहा है। स्थानीय लोगों की शिकायत और सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद तीन पुलिसकर्मियों की भूमिका जांच के दायरे में आ गई है।
जानकारी के मुताबिक, शनिवार देर रात ड्यूटी पर तैनात एफआरवी वाहन अपने निर्धारित क्षेत्र से कई किलोमीटर दूर खुड़ैल थाना क्षेत्र के एक गांव में पहुंचा था। आरोप है कि यहां पुलिसकर्मी एक बदमाश के साथ बैठकर शराब पीने लगे। इस दौरान गश्त छोड़ने की बात भी सामने आई है।
क्षेत्र में सुरक्षा और चोरों पर नजर रखने के लिए लगाए गए सीसीटीवी कैमरों में पुलिस वाहन और वहां मौजूद लोगों की गतिविधियां रिकॉर्ड होने का दावा किया गया है। स्थानीय लोगों के मुताबिक, संबंधित बदमाश बिना नंबर की बाइक से मौके पर पहुंचा था। उसने पुलिस वाहन के पास बाइक खड़ी की और इसके बाद पुलिसकर्मियों के साथ शराब पीने का सिलसिला शुरू हुआ। बताया जा रहा है कि यह घटनाक्रम काफी देर तक चला।
स्थानीय रहवासियों ने इस मामले की शिकायत पुलिस कंट्रोल रूम में की। इसके बाद मामला वरिष्ठ अधिकारियों तक पहुंचा और जांच के निर्देश दिए गए। एफआरवी टीम में शामिल एएसआई, हेड कांस्टेबल और वाहन चालक की भूमिका की जांच की जा रही है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, पूरे घटनाक्रम और उपलब्ध सीसीटीवी फुटेज की जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
.jpg&w=3840&q=75)

.jpg&w=3840&q=75)