Loading...
Loading...
Ratlam News Theft: रतलाम जिले के जावरा में चोरों ने एक ही रात सूने मकान और कोल्ड ड्रिंक एजेंसी को निशाना बनाकर लाखों रुपए के जेवर, नकदी और सामान पर हाथ साफ कर दिया। दोनों वारदातें सीसीटीवी में कैद हुई हैं और पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है।
Ratlam News Theft: रतलाम। रतलाम जिले के जावरा में चोरों के हौसले लगातार बुलंद होते नजर आ रहे हैं। रविवार और सोमवार की दरम्यानी रात बदमाशों ने एक सूने मकान और एक कोल्ड ड्रिंक एजेंसी में चोरी की वारदात को अंजाम दिया। घर से सोने-चांदी के जेवर और नकदी, जबकि एजेंसी से करीब ढाई लाख रुपये लेकर फरार हो गए। दोनों घटनाएं आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई हैं। पुलिस अब फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश कर रही है।
जानकारी के तहत, पहली वारदात खाचरौद नाका रोड स्थित राजेंद्र जयंत परिसर में हुई। मकान मालिक दीपक कुमार प्रजापत किसी काम से बाहर गए थे, जबकि परिवार के अन्य सदस्य भी घर पर नहीं थे। इसी का फायदा उठाकर चोरों ने घर का ताला तोड़ा और अंदर घुस गए। बदमाश अलमारी में रखे सोने-चांदी के जेवर और करीब 70 हजार रुपये नकद लेकर फरार हो गए।
इसके बाद बदमाशों ने धाकड़ धर्मशाला के पास स्थित एक कोल्ड ड्रिंक और वेफर्स एजेंसी को निशाना बनाया। यहां भी ताले तोड़कर चोर अंदर घुसे और तीन दिन की बिक्री के करीब 2.50 लाख रुपये नकद के साथ कोल्ड ड्रिंक की एक पेटी भी चोरी कर ले गए। एजेंसी संचालक को घटना की जानकारी सोमवार सुबह दुकान खोलने पर हुई।
साथ ही इन दोनों वारदातों के दौरान चोर सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गए। फुटेज में तीन बदमाश चेहरे ढके हुए नजर आ रहे हैं। एजेंसी में एक आरोपी कैमरे को ढकने की कोशिश भी करता दिखाई दिया, लेकिन अन्य कैमरों में उसकी तस्वीर रिकॉर्ड हो गई।
मकान के पास रहने वाले एक पड़ोसी ने जब संदिग्ध गतिविधि देखी तो बदमाशों ने उसे इशारे से धमकाया और मौके से निकल गए। बाद में उन्होंने मकान मालिक को सूचना दी, जिसके बाद चोरी का पता चला।
लगातार हो रही चोरी की घटनाओं ने पुलिस की रात्रि गश्त पर सवाल खड़े कर दिए हैं। कुछ दिन पहले रतलाम शहर में भी इसी तरह के बदमाश सीसीटीवी में नजर आए थे, लेकिन अब तक उनकी गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। जावरा में भी बदमाश बेखौफ होकर वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए।
जावरा सीएसपी युवराज सिंह ने बताया कि दोनों घटनाओं के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। संदिग्धों की पहचान कर उनकी तलाश शुरू कर दी गई है। साथ ही शहर में रात्रिकालीन गश्त भी बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं।
अभी तक कोई टिप्पणी नहीं है।
पहली टिप्पणी करने वाले बनें!
हमारे साथ जुड़ें
ताज़ा ख़बरों और अपडेट्स के लिए हमारे इंस्टाग्राम पेज को फॉलो करें और हमारे कम्युनिटी का हिस्सा बनें।
फॉलो करें