खरगोन में क्षत्रिय भावसार समाज की 408 साल पुरानी खप्पर परंपरा निभाई गई।
-1.jpg&w=3840&q=75)
Khargone News ; नवरात्रि के अवसर पर खरगोन में क्षत्रिय भावसार समाज की 408 साल पुरानी खप्पर परंपरा निभाई गई। रविवार देर रात भावसार मोहल्ला स्थित श्री सिद्धनाथ महादेव मंदिर परिसर में माता अंबे की सवारी निकाली गई। एक हाथ में जलता खप्पर और दूसरे में तलवार लेकर माता अंबे ने भक्तों को दर्शन दिए। इस परंपरा के दर्शन के लिए रात 12 बजे से ही हजारों श्रद्धालु जुटने लगे थे।
सुबह 4:30 बजे माता अंबे की सवारी निकली। माता के स्वरूप में कलाकार निमाड़ी गरबियों पर करीब 30 मिनट तक रमते रहे। इस दौरान करीब 5 हजार भक्तों ने जयकारे लगाकर माता के प्रति अपनी आस्था व्यक्त की।
खप्पर परंपरा की शुरुआत झाड़ स्तंभ की पूजा के साथ हुई। इसके बाद गणेशजी, हनुमानजी और भूत-पिशाच के स्वरूप निकले। भक्ति गीतों के बीच माता की स्तुति की गई और पारंपरिक धार्मिक आयोजन संपन्न हुआ।
खप्पर समिति के जगदीश भावसार, मधु भावसार और मनोहर भावसार ने बताया कि यह परंपरा पिछले 408 वर्षों से चली आ रही है। एक ही कुल के लोग पीढ़ियों से इसे निभाते आ रहे हैं। हर साल इस आयोजन में हजारों माता भक्त शामिल होते हैं।
मीडिया प्रभारी धर्मेंद्र भावसार ‘लाला’ के अनुसार, माता अंबे का स्वरूप हरिओम और सोनू बादशाह ने धारण किया। गणेशजी के रूप में दिव्यांश भावसार और गर्व शामिल हुए, जबकि हनुमानजी का स्वरूप शशिकांत पटेल ने निभाया।
इस पारंपरिक आयोजन के साथ खरगोन में नवरात्रि की धार्मिक आस्था और समाज की सदियों पुरानी परंपरा की झलक देखने को मिली।
.jpg&w=3840&q=75)

.jpg&w=3840&q=75)