खरगोन के बाकी माताजी मंदिर में 292 साल पुरानी अनूठी परंपरा आज भी निभाई जा रही है। यहां पुरुष बिना डांडिया के सिर्फ ताली बजाकर गरबा करते हैं।

Khargone News : नवरात्रि में जहां गरबा डांडिया के साथ किया जाता है, वहीं खरगोन के बाकी माताजी मंदिर में 292 साल पुरानी अनूठी परंपरा आज भी निभाई जा रही है। यहां पुरुष बिना डांडिया के सिर्फ ताली बजाकर गरबा करते हैं, जबकि महिलाएं चौपाल पर बैठकर माता की स्तुति के गीत गाती हैं। पीढ़ियों से चली आ रही यह परंपरा मंदिर की खास पहचान बनी हुई है।
घनी बस्ती में स्थित मंदिर में पीपल के गोलाकार खंभ में नौ माताओं की प्रतिमाएं विराजमान हैं। प्रतिमाएं तिरछी दिखाई देने के कारण इन्हें बाकी माताजी कहा जाता है। मंदिर समिति के सदस्य सुबोध जोशी के मुताबिक, चबूतरे पर नौ देवियों के साथ भगवान शिव, अष्ट भैरव और हनुमानजी की प्रतिमाएं भी स्थापित हैं।
मंदिर से जुड़ी मान्यता के अनुसार, इसके संस्थापक भटाम भट्ट महाराज को सपने में देवी के दर्शन हुए थे। इसके बाद झिरे के ठंडे जल में पिंडी स्वरूप में माता की प्रतिमाएं मिलीं, जिन्हें चबूतरे पर स्थापित किया गया। तभी से यह स्थान श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र बना हुआ है।
नवरात्रि के दौरान सुबह श्रद्धालु झिरे के जल से स्नान कर गीले कपड़ों में माता की पूजा करते हैं। इसके बाद माता का श्रृंगार और आरती की जाती है। भोग में पान का बीड़ा और ज्वार धानी अर्पित की जाती है।
रात में मंदिर परिसर में महिषासुर मर्दिनी स्तुति के साथ निमाड़ी और गुजराती गरबा गीत गूंजते हैं। पुरुष ताली बजाकर गरबा करते हैं और महिलाएं बैठकर स्तुति गीत गाती हैं। स्थानीय मान्यता है कि झिरे के जल से स्नान और पूजा करने से शारीरिक व मानसिक परेशानियां दूर होती हैं। करीब तीन शताब्दियों से चली आ रही यह परंपरा आज भी क्षेत्र की धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत को संजोए हुए है।
.jpg&w=3840&q=75)

.jpg&w=3840&q=75)