मध्य प्रदेश में बुधवार को कांग्रेस ने विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) और चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली के विरोध में कई जिलों में प्रदर्शन किया।

Indore News। मध्य प्रदेश में बुधवार को कांग्रेस ने विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) और चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली के विरोध में कई जिलों में प्रदर्शन किया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर कलेक्ट्रेट तक मार्च निकाला। कई जगह पुलिस ने बैरिकेड्स लगाकर प्रदर्शनकारियों को रोकने की कोशिश की। ग्वालियर समेत कुछ स्थानों पर बैरिकेड्स तोड़े जाने और पुलिस से झड़प की स्थिति बनी।
कांग्रेस SIR के तहत मतदाता सूची में हो रहे बदलावों को लेकर सवाल उठा रही है। पार्टी का आरोप है कि मतदाता सूची के पुनरीक्षण की प्रक्रिया में पारदर्शिता नहीं बरती जा रही है और बड़ी संख्या में नाम हटाए जाने की आशंका है। इसी मुद्दे को लेकर कांग्रेस मुख्य निर्वाचन आयुक्त के इस्तीफे की मांग कर रही है। चुनाव आयोग ने SIR की प्रक्रिया को लेकर अपने फैसलों का बचाव किया है।
इंदौर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने हरसिद्धि चौराहे से कलेक्टर कार्यालय तक पैदल मार्च निकाला। प्रदर्शन का नेतृत्व शहर कांग्रेस अध्यक्ष चिंटू चौकसे ने किया। कार्यकर्ताओं ने SIR और चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली को लेकर सवाल उठाते हुए राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा।
ग्वालियर में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता कलेक्ट्रेट की ओर पहुंचे। पुलिस ने सुरक्षा के लिए बैरिकेड्स लगाए थे। प्रदर्शन के दौरान कुछ कार्यकर्ताओं ने बैरिकेड्स पार करने की कोशिश की, जिससे स्थिति तनावपूर्ण हुई। कांग्रेस ने SIR प्रक्रिया रोकने और मुख्य निर्वाचन आयुक्त के इस्तीफे की मांग उठाई।
देवास, मंदसौर, सीहोर, भिंड, हरदा और मंडला समेत कई जिलों में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। कई जगह कलेक्ट्रेट तक मार्च निकाला गया और ज्ञापन सौंपे गए। सीहोर और मंडला में बैरिकेड्स को लेकर पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच धक्का-मुक्की की स्थिति बनी। मंडला में पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए वाटर कैनन का इस्तेमाल किया। कांग्रेस का कहना है कि वह मतदाता सूची के पुनरीक्षण और चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता को लेकर अपनी आपत्तियां दर्ज करा रही है। वहीं, चुनाव आयोग SIR को मतदाता सूची के पुनरीक्षण की प्रक्रिया के तौर पर संचालित कर रहा है।
.jpg&w=3840&q=75)

.jpg&w=3840&q=75)