मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शनिवार को सरदारपुर में 2,387 करोड़ रुपये की नर्मदा-माही लिंक सिंचाई परियोजना का लोकार्पण किया।
-2.jpg&w=3840&q=75)
Dhar News: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शनिवार को सरदारपुर में 2,387 करोड़ रुपये की नर्मदा-माही लिंक सिंचाई परियोजना का लोकार्पण किया। परियोजना के जरिए धार और झाबुआ जिले के 260 गांवों की 57 हजार हेक्टेयर से अधिक कृषि भूमि को सिंचाई सुविधा देने की योजना है। इससे करीब 70 हजार किसानों को लाभ मिलने का अनुमान है।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत रबी 2025-26 के लिए 317.84 करोड़ रुपये की राशि सिंगल क्लिक से ट्रांसफर की। यह राशि 16.70 लाख किसान आवेदनों के लिए जारी की गई। इसके अलावा करीब 188 करोड़ रुपये के विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन भी किया गया।
परियोजना की योजना के अनुसार, धार जिले के 66 और झाबुआ जिले के 194 गांवों को इससे जोड़ा जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि परियोजना से सिंचाई का रकबा बढ़ने के साथ पेयजल और औद्योगिक जरूरतों के लिए भी पानी उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।
कार्यक्रम में केंद्रीय महिला एवं बाल विकास राज्यमंत्री सावित्री ठाकुर, मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, कैबिनेट मंत्री निर्मला भूरिया, सांसद अनीता नागर सिंह चौहान, धार विधायक नीना वर्मा और सरदारपुर विधायक प्रताप ग्रेवाल सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
सरदारपुर विधायक प्रताप ग्रेवाल ने परियोजना से छूटे गांवों का परीक्षण कर उन्हें भी योजना में शामिल करने की मांग की। उन्होंने क्षेत्र की महिला खिलाड़ियों, विशेषकर फुटबॉल खिलाड़ी ज्योति चौहान को प्रोत्साहित करने के लिए खेल स्टेडियम बनाने की मांग भी रखी।
ग्रेवाल ने माही डैम से कालिकराई तक पानी पहुंचाने और कम बारिश के कारण सूखे जैसी स्थिति का सामना कर रहे धार जिले को सूखाग्रस्त घोषित करने की मांग भी उठाई।
परियोजना की शुरुआत सरदारपुर तहसील के ग्राम मिंडा से की गई। इस दौरान पाइपलाइन के कुछ स्थानों पर क्षतिग्रस्त होने और बड़ी मात्रा में पानी निकलने की सूचना सामने आई। बताया गया कि टेस्टिंग के दौरान पाइपलाइन क्षतिग्रस्त हुई थी, जिसके बाद उसकी मरम्मत कराई गई।
.jpg&w=3840&q=75)

.jpg&w=3840&q=75)