गरबा सिर्फ नृत्य नहीं, बल्कि आस्था, उत्सव और संस्कृति से जुड़ी परंपरा है। हालांकि, लगातार कई घंटों तक गरबा खेलने से शरीर पर अतिरिक्त दबाव पड़ सकता है।
-1.jpg&w=3840&q=75)
गरबा सिर्फ नृत्य नहीं, बल्कि आस्था, उत्सव और संस्कृति से जुड़ी परंपरा है। हालांकि, लगातार कई घंटों तक गरबा खेलने से शरीर पर अतिरिक्त दबाव पड़ सकता है। खासकर उन लोगों को परेशानी हो सकती है, जो नवरात्रि में व्रत रखते हैं या नियमित रूप से एक्सरसाइज नहीं करते। ऐसे में डिहाइड्रेशन, मांसपेशियों में खिंचाव, पैरों में ऐंठन और चक्कर आने जैसी समस्याएं हो सकती हैं।
गरबा को सही तरीके से किया जाए तो यह कार्डियो एक्सरसाइज की तरह काम करता है और स्टैमिना व फिटनेस बेहतर करने में मदद कर सकता है। इसलिए डांस से पहले शरीर को तैयार करना और अपनी सेहत के अनुसार एक्टिविटी करना जरूरी है।
इमरजेंसी मेडिसिन के सीनियर कंसल्टेंट डॉ. प्रशांत सिन्हा के मुताबिक, गरबा में लगातार घूमना, तेज कदमों से चलना और लंबे समय तक सक्रिय रहना पड़ता है। बिना तैयारी के डांस शुरू करने से मांसपेशियों में खिंचाव और पैरों में दर्द हो सकता है।
- गरबा शुरू करने से पहले 5-10 मिनट वार्म-अप करें।
- पैरों, टखनों और कंधों की हल्की स्ट्रेचिंग करें।
- आरामदायक कपड़े और फुटवियर पहनें।
- पर्याप्त पानी पिएं।
- शुरुआत धीमी गति से करें और शरीर को धीरे-धीरे सक्रिय करें।
नवरात्रि में व्रत रखने वाले लोग भी गरबा खेल सकते हैं, लेकिन उन्हें अपनी ऊर्जा और पानी की जरूरत का ध्यान रखना चाहिए। लंबे समय तक खाली पेट रहने के बाद कई घंटे डांस करने से थकान, कमजोरी, चक्कर और डिहाइड्रेशन हो सकता है।
गरबा खेलने से पहले अपनी व्रत की दिनचर्या के अनुसार पर्याप्त ऊर्जा देने वाला भोजन लें। फल, दूध-दही या अन्य उपयुक्त व्रत वाले खाद्य पदार्थ मददगार हो सकते हैं। बीच-बीच में पानी पीते रहें और थकान महसूस होने पर ब्रेक लें।
लगातार डांस करने और भीड़ में लंबे समय तक सक्रिय रहने से कुछ सामान्य समस्याएं हो सकती हैं।
- डिहाइड्रेशन: ठंडी जगह पर बैठें और जरूरत के अनुसार पानी या ओआरएस लें।
- पैरों में ऐंठन: डांस रोककर प्रभावित मांसपेशी की हल्की स्ट्रेचिंग करें।
- मांसपेशियों में खिंचाव: प्रभावित हिस्से को आराम दें और कपड़े में लपेटकर बर्फ की सिकाई करें।
- घुटने, टखने या कमर में दर्द: दबाव कम करें। दर्द बने रहने पर डॉक्टर से सलाह लें।
- चक्कर या कमजोरी: तुरंत डांस रोकें, सुरक्षित जगह पर बैठें और जरूरत पड़ने पर मेडिकल सहायता लें।
- सांस फूलना या धड़कन तेज होना: एक्टिविटी बंद करें। परेशानी बनी रहे या गंभीर हो तो तुरंत चिकित्सा सहायता लें।
पीरियड्स के दौरान गरबा खेलना शरीर की स्थिति पर निर्भर करता है। अगर सामान्य महसूस हो रहा है तो अपनी क्षमता के अनुसार डांस किया जा सकता है। लेकिन तेज दर्द, ज्यादा ब्लीडिंग, चक्कर या कमजोरी होने पर आराम करना बेहतर है।
जिन लोगों को हृदय संबंधी बीमारी, सांस लेने की समस्या, जोड़ों में दर्द या अन्य गंभीर स्वास्थ्य परेशानी है, उन्हें अपनी क्षमता के अनुसार ही डांस करना चाहिए। जरूरत पड़ने पर डॉक्टर की सलाह लें। भीड़भाड़ वाले पंडाल में प्रवेश और बाहर निकलने के रास्तों का ध्यान रखें।
गरबा खेलते समय सीने में दर्द या भारीपन, सांस लेने में परेशानी, बेहोशी, धुंधला दिखना या दिल की धड़कन असामान्य रूप से तेज होने जैसे लक्षण दिखाई दें तो इन्हें सामान्य थकान समझकर नजरअंदाज न करें। तुरंत डांस बंद करें और मेडिकल सहायता लें।
गरबा का आनंद तभी बेहतर है, जब उत्सव के साथ सेहत का भी ध्यान रखा जाए। अपनी शारीरिक क्षमता के अनुसार डांस करें, पर्याप्त आराम लें और शरीर के संकेतों को नजरअंदाज न करें।
.jpg&w=3840&q=75)

.jpg&w=3840&q=75)