सिंहस्थ 2028 की तैयारियों के तहत प्रस्तावित परियोजनाओं के विरोध में तीर्थनगरी ओंकारेश्वर में स्थानीय नागरिकों के बंद का असर दिखाई दिया।

Khandwa News: सिंहस्थ 2028 की तैयारियों के तहत प्रस्तावित परियोजनाओं के विरोध में तीर्थनगरी ओंकारेश्वर में स्थानीय नागरिकों के बंद का असर दिखाई दिया। दुकानदारों, होटल और गेस्ट हाउस संचालकों, ऑटो चालकों सहित अन्य व्यापारियों ने अपने प्रतिष्ठान बंद रखकर आंदोलन को समर्थन दिया। बाजार बंद रहने से स्थानीय कारोबार प्रभावित हुआ, वहीं दर्शन के लिए पहुंचे श्रद्धालुओं को भी परेशानियों का सामना करना पड़ा। आम दिनों में श्रद्धालुओं की भीड़ और दुकानों की चहल-पहल से गुलजार रहने वाली नगरी में बंद के दौरान सन्नाटा नजर आया। बस स्टैंड से मंदिर तक पहुंचने और पूजा के लिए जरूरी सामग्री खरीदने में भी लोगों को दिक्कतें हुईं।
दिल्ली से पहली बार ओंकारेश्वर पहुंचीं दीपा ने बताया कि यहां आने के बाद उन्हें स्थानीय लोगों के विरोध प्रदर्शन और बाजार बंद होने की जानकारी मिली। उन्होंने कहा कि तीर्थनगरी में ऐसा माहौल देखकर अच्छा नहीं लगा। सरकार को स्थानीय लोगों की समस्याओं पर विचार करना चाहिए और उनके व्यवसाय को बेहतर बनाने के साथ श्रद्धालुओं के लिए भी उचित सुविधाएं उपलब्ध करानी चाहिए। दीपा के मुताबिक, बस स्टैंड पर उन्हें पैदल मंदिर तक जाने की जानकारी मिली।
दिल्ली से आए आकाश गर्ग ने बताया कि प्रसाद की दुकानें बंद होने के कारण उन्हें भगवान को अर्पित करने के लिए प्रसाद नहीं मिल सका। उन्होंने कहा कि यहां कई दुकानें पीढ़ियों से संचालित हो रही हैं और स्थानीय परिवार लंबे समय से तीर्थनगरी की धार्मिक गतिविधियों से जुड़े हैं।आकाश ने सुझाव दिया कि प्रशासन और स्थानीय नागरिकों के बीच बातचीत के जरिए समाधान निकाला जाना चाहिए, ताकि स्थानीय लोगों की मांगों का निराकरण हो और श्रद्धालुओं की सुविधाएं भी प्रभावित न हों।
स्थानीय नागरिकों ने सिंहस्थ 2028 की तैयारियों के तहत प्रस्तावित परियोजनाओं से प्रभावित होने की आशंका के चलते प्रशासन के सामने 19 सूत्रीय मांगें रखी हैं। इनमें उचित मुआवजा, सम्मानजनक पुनर्वास, रोजगार की गारंटी और प्रभावित लोगों को हटाने से पहले वैकल्पिक व्यवस्था उपलब्ध कराने जैसी मांगें शामिल हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि वे शहर के विकास के विरोध में नहीं हैं, लेकिन विकास के नाम पर वर्षों से बसे परिवारों के घर और आजीविका प्रभावित नहीं होनी चाहिए।
डुकिया इलाके के लोग पुनर्वास को लेकर चिंतित हैं। उनका कहना है कि यदि उन्हें मुख्य मंदिर और नर्मदा तट से दूर बसाया गया, तो उनके व्यवसाय और आजीविका पर सीधा असर पड़ सकता है। स्थानीय नागरिकों और प्रशासन के बीच मांगों पर सहमति नहीं बनने के चलते 19 अक्टूबर से अनिश्चितकालीन बंद का ऐलान किया गया है। इस आंदोलन ने स्थानीय लोगों के पुनर्वास और रोजगार के साथ-साथ तीर्थयात्रियों की सुविधाओं का मुद्दा भी सामने ला दिया है।
.jpg&w=3840&q=75)

.jpg&w=3840&q=75)