टीवी एक्ट्रेस प्रत्युषा बनर्जी की 2016 में हुई मौत से जुड़े आत्महत्या के लिए उकसाने के मामले में बॉम्बे हाईकोर्ट ने अभिनेता-प्रोड्यूसर राहुल राज को डिस्चार्ज कर दिया है।

Mumbai News: टीवी एक्ट्रेस प्रत्युषा बनर्जी की 2016 में हुई मौत से जुड़े आत्महत्या के लिए उकसाने के मामले में बॉम्बे हाईकोर्ट ने अभिनेता-प्रोड्यूसर राहुल राज सिंह को डिस्चार्ज यानी आरोपमुक्त कर दिया है। जस्टिस एसजी डिगे की एकल पीठ ने बुधवार को राहुल की याचिका स्वीकार करते हुए उन्हें मामले से आरोपमुक्त कर दिया। इसके साथ ही इस मामले में उनके खिलाफ ट्रायल आगे नहीं चलेगा।
प्रत्युषा को टीवी शो ‘बालिका वधू’ में आनंदी के किरदार से पहचान मिली थी। 1 अप्रैल 2016 को वह मुंबई के गोरेगांव स्थित अपने किराए के फ्लैट में मृत मिली थीं। उनकी मौत के बाद उनके माता-पिता ने राहुल राज सिंह पर आत्महत्या के लिए उकसाने के साथ मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना के आरोप लगाए थे। राहुल और प्रत्युषा उस समय रिलेशनशिप में थे और साथ रहते थे।
राहुल की ओर से वरिष्ठ अधिवक्ता आबाद पोंडा और अधिवक्ता श्रेयांश मिठारे ने हाईकोर्ट में दलील दी कि प्रत्युषा के साथ हुई आखिरी फोन बातचीत मामले में महत्वपूर्ण है। वकीलों के मुताबिक, बातचीत में राहुल उन्हें कोई बड़ा कदम उठाने से रोकने की कोशिश कर रहे थे और उनसे मिलने के लिए वापस लौट रहे थे।
बचाव पक्ष ने यह भी कहा कि उपलब्ध सामग्री से आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला नहीं बनता। वकीलों ने FIR दर्ज करने की प्रक्रिया और सुसाइड नोट नहीं मिलने का भी हवाला दिया।
पुलिस ने 2018 में मामले में चार्जशीट दाखिल की थी। इसके बाद राहुल ने केस से डिस्चार्ज किए जाने के लिए सेशंस कोर्ट का रुख किया था। उनकी याचिका खारिज होने के बाद उन्होंने बॉम्बे हाईकोर्ट में चुनौती दी। हाईकोर्ट ने अब उनकी डिस्चार्ज याचिका मंजूर कर ली है।
राहुल को इस मामले में जुलाई 2016 में बॉम्बे हाईकोर्ट से अग्रिम जमानत भी मिल चुकी थी।
प्रत्युषा बनर्जी ने टीवी इंडस्ट्री में ‘रक्त संबंध’ से करियर की शुरुआत की थी। इसके बाद वह ‘ये रिश्ता क्या कहलाता है’ और अन्य धारावाहिकों में नजर आईं। ‘बालिका वधू’ में आनंदी की भूमिका ने उन्हें व्यापक पहचान दिलाई।
वह ‘झलक दिखला जा’, ‘बिग बॉस 7’, ‘हम हैं ना’, ‘ससुराल सिमर का’ और ‘गुलमोहर ग्रैंड’ जैसे शो का भी हिस्सा रहीं। 1 अप्रैल 2016 को 24 वर्ष की उम्र में उनकी मौत हुई थी।
.jpg&w=3840&q=75)

.jpg&w=3840&q=75)