मध्यप्रदेश सरकार इस साल का राष्ट्रीय किशोर कुमार सम्मान अभिनेता रघुवीर यादव को देने जा रही है
.jpg&w=3840&q=75)
Khandwa News। पार्श्वगायक किशोर कुमार की पुण्यतिथि पर मध्यप्रदेश सरकार इस साल का राष्ट्रीय किशोर कुमार सम्मान अभिनेता रघुवीर यादव को देने जा रही है। मंगलवार शाम खंडवा के पुलिस ग्राउंड में सम्मान समारोह आयोजित होगा। पहले इस सम्मान के लिए अभिनेता अनुपम खेर का नाम तय होने की जानकारी सामने आई थी, लेकिन खंडवा आने में असमर्थता जताने के बाद रघुवीर यादव का चयन किया गया।
समारोह से पहले समाधि स्थल पहुंचेंगे यादव
रघुवीर यादव सम्मान लेने के लिए खंडवा पहुंचेंगे। परंपरा के अनुसार, वे समारोह से पहले किशोर कुमार के समाधि स्थल पर जाकर श्रद्धांजलि देंगे। इसके बाद उन्हें राष्ट्रीय किशोर कुमार अलंकरण से सम्मानित किया जाएगा। कार्यक्रम में प्रदेश के संस्कृति मंत्री धर्मेंद्र लोधी और जनजातीय कार्य मंत्री विजय शाह शामिल होंगे। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव वर्चुअल माध्यम से कार्यक्रम से जुड़ेंगे।
किशोर प्रेरणा मंच के प्रवक्ता सुनील जैन के अनुसार, इस साल सम्मान के लिए कलाकार का नाम अंतिम समय में तय हुआ। बताया गया कि ज्यूरी ने पहले अनुपम खेर का नाम तय किया था, लेकिन उनके 17 अक्टूबर तक विदेश में रहने और खंडवा आने में असमर्थता जताने के बाद रघुवीर यादव का चयन किया गया।
रघुवीर यादव अभिनेता होने के साथ गायक और संगीतकार भी हैं। 25 जून 1957 को जबलपुर में जन्मे यादव ने नेशनल स्कूल ऑफ ड्रामा से प्रशिक्षण लिया। उनकी फिल्मी शुरुआत 1985 में आई फिल्म ‘मैसी साहब’ से हुई। उन्होंने ‘सलाम बॉम्बे!’, ‘बैंडिट क्वीन’, ‘दिल से’, ‘लगान’, ‘वॉटर’ और ‘पीपली लाइव’ जैसी फिल्मों में काम किया। वेब सीरीज ‘पंचायत’ में प्रधान जी के किरदार से उन्हें नई पीढ़ी के दर्शकों के बीच भी लोकप्रियता मिली।
मध्यप्रदेश सरकार ने राष्ट्रीय किशोर कुमार सम्मान की शुरुआत वर्ष 1997-98 में की थी। यह सम्मान सिनेमा के क्षेत्र में निर्देशन, अभिनय, पटकथा लेखन और गीत लेखन में उल्लेखनीय योगदान देने वाले कलाकारों को दिया जाता है। शुरुआत में सम्मान राशि दो लाख रुपये थी, जो अब पांच लाख रुपये बताई गई है। सम्मान के साथ स्मृति चिह्न, शॉल और श्रीफल भी दिया जाता है।
शुरुआत में सम्मान समारोह भोपाल में आयोजित किया जाता था। बाद में इसे किशोर कुमार की जन्मस्थली खंडवा में आयोजित करने की पहल की गई। पिछले वर्षों में चयनित कलाकारों तक सम्मान पहुंचाने की परंपरा को लेकर किशोर कुमार के प्रशंसकों में नाराजगी की बात सामने आई थी। इसके बाद 2025 में यह शर्त जोड़ी गई कि सम्मान प्राप्त करने वाले कलाकार को खंडवा आना होगा।
.jpg&w=3840&q=75)

.jpg&w=3840&q=75)