Seoni Malwa Protest: सिवनी मालवा के बानापुरा में सड़क निर्माण बंद होने से नाराज कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने चक्काजाम किया। ठेकेदार ने बुधवार तक काम शुरू करने का भरोसा दिया।
Seoni Malwa Protest: सिवनी मालवा। बानापुरा में सड़क की बदहाल स्थिति और पिछले दो सप्ताह से बंद पड़े निर्माण कार्य को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नर्मदापुरम-हरदा मुख्य मार्ग पर चक्काजाम कर दिया। सांसद कार्यालय के सामने किए गए इस प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने सरकार और स्थानीय जनप्रतिनिधियों के खिलाफ नारेबाजी की।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं का कहना था कि सांसद कार्यालय के सामने सड़क का काम शुरू करने के लिए सड़क खोदी गई थी, लेकिन पिछले करीब दो सप्ताह से निर्माण बंद पड़ा है। सड़क पर जगह-जगह गड्ढे होने के कारण वाहन चालकों को परेशानी हो रही है। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि इन गड्ढों की वजह से हादसे का खतरा भी बना हुआ है।
चक्काजाम करीब डेढ़ घंटे तक चला। इस दौरान मुख्य मार्ग पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई। हालांकि पुलिस ने ट्रैफिक को दूसरे रास्तों से निकालकर स्थिति संभाल ली।
प्रदर्शन की जानकारी मिलने पर तहसीलदार नितिन झोड़ मौके पर पहुंचे। उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से बातचीत कर जाम खत्म करने की कोशिश की। कार्यकर्ताओं की मांग पर एमपीआरडीसी के अधिकारियों और सड़क निर्माण ठेकेदार शैलेन्द्र सिंह को भी मौके पर बुलाया गया।
काफी देर तक बातचीत के बाद ठेकेदार ने सड़क का काम दोबारा शुरू कराने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि अगले बुधवार तक निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा।
ठेकेदार ने यह भी भरोसा दिलाया कि जब तक निर्माण कार्य शुरू नहीं होता, तब तक सड़क पर बने गड्ढों के आसपास बैरिकेडिंग और संकेतक लगाए जाएंगे। इससे रात के समय वाहन चालकों को गड्ढों का पता चल सकेगा और हादसे का खतरा कम होगा। आश्वासन मिलने के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने चक्काजाम खत्म कर दिया।

