शिवपुरी जिले की बैराड़ तहसील के जरियाकला गांव में सरकारी रिकॉर्ड की एक गलती ने दंपती की परेशानी बढ़ा दी है

Shivpuri News। शिवपुरी जिले की बैराड़ तहसील के जरियाकला गांव में सरकारी रिकॉर्ड की एक गलती ने दंपती की परेशानी बढ़ा दी है। यहां भारत जाटव की पत्नी शुक्रवती जाटव को पंचायत के दस्तावेजों में मृत दर्ज कर दिया गया। इसके चलते उसका नाम परिवार के राशन कार्ड में नहीं जुड़ पा रहा है। भारत अपनी पत्नी को साथ लेकर बैराड़ तहसील, जनपद पंचायत और थाने के चक्कर लगा चुके हैं।
भारत जाटव के अनुसार, करीब पांच साल पहले उनकी शादी दुल्हारा गांव निवासी शुक्रवती जाटव से हुई थी। शादी के बाद कुछ समय तक शुक्रवती का नाम मायके के राशन कार्ड में दर्ज रहा और इसी के आधार पर उसे खाद्यान्न मिलता था। बाद में भारत ने पत्नी का नाम जरियाकला पंचायत में अपने परिवार के राशन कार्ड में जुड़वाने की प्रक्रिया शुरू की।
रिकार्ड की जांच के दौरान सामने आया कि शुक्रवती को सरकारी दस्तावेजों में मृत घोषित किया जा चुका है। भारत के मुताबिक, समग्र आईडी और खाद्यान्न पर्ची को जोड़ने की प्रक्रिया के दौरान उसका नाम हटाया गया और इसी दौरान उसे गलती से मृत दर्ज कर दिया गया। इसके बाद समग्र आईडी और आधार से जुड़े रिकॉर्ड में भी परेशानी सामने आई।
दुल्हारा पंचायत के सचिव मलखान सिंह बघेल ने बताया कि समग्र आईडी और खाद्यान्न पर्ची को जोड़ने के अभियान के दौरान गांव से बाहर रहने वाले लोगों, मृत व्यक्तियों और शादी के बाद दूसरे स्थान पर चली गई महिलाओं के नाम हटाए जा रहे थे। इसी प्रक्रिया में शुक्रवती का नाम हटाते समय त्रुटिवश उन्हें मृत दर्ज कर दिया गया।
सचिव के अनुसार, करीब एक माह पहले इस गलती की जानकारी मिली थी। इसके बाद शुक्रवती की आईडी रिकवर कर ली गई है। अब जरियाकला पंचायत में उनके नाम को परिवार के राशन कार्ड में जोड़ने की प्रक्रिया बाकी है। भारत का कहना है कि रिकॉर्ड में सुधार होने तक परिवार को सरकारी सुविधाओं से जुड़ी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
.jpg&w=3840&q=75)

.jpg&w=3840&q=75)