PM मोदी और स्विट्जरलैंड के राष्ट्रपति गाइ परमेलिन की नई दिल्ली में अहम बैठक हुई। दोनों देशों ने व्यापार, निवेश, साइंस-टेक्नोलॉजी, डिफेंस, डिफेंस प्रोडक्शन और न्यूक्लियर एनर्जी में सहयोग बढ़ाने पर चर्चा की। TEPA और भारत-EFTA समिट भी साझेदारी के अहम पड़ाव हैं

Guy Parmelin visit in india: भारत और स्विट्जरलैंड ने अपनी द्विपक्षीय साझेदारी को नए क्षेत्रों तक ले जाने का रोडमैप तैयार करने की दिशा में अहम बातचीत की है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को हैदराबाद हाउस में स्विट्जरलैंड के राष्ट्रपति गाइ परमेलिन से मुलाकात की। दोनों नेताओं ने व्यापार, निवेश, साइंस, टेक्नोलॉजी, इनोवेशन, डिफेंस और न्यूक्लियर एनर्जी समेत कई मुद्दों पर चर्चा की।
आर्थिक रिश्तों के साथ रणनीतिक सहयोग पर भी नजर
बैठक में भारत और स्विट्जरलैंड ने अपने संबंधों की प्रगति की समीक्षा की। दोनों पक्षों ने व्यापार और निवेश को बढ़ाने के साथ विज्ञान एवं तकनीक, इनोवेशन, मोबिलिटी और लोगों के बीच संपर्क को मजबूत करने पर जोर दिया। इसके अलावा क्षेत्रीय और वैश्विक घटनाक्रमों पर भी दोनों नेताओं ने विचार साझा किए। अंतरराष्ट्रीय मंचों पर दोनों देशों के बीच सहयोग को और प्रभावी बनाने के तरीकों पर भी बातचीत हुई।
TEPA बना आर्थिक साझेदारी का अहम आधार
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारत-EFTA ट्रेड एंड इकोनॉमिक पार्टनरशिप एग्रीमेंट यानी TEPA को दोनों पक्षों के आर्थिक रिश्तों में महत्वपूर्ण पड़ाव बताया। पीएम मोदी ने कहा कि यूरोप के किसी आर्थिक समूह के साथ यह भारत का पहला FTA है। समझौते के जरिए व्यापार और निवेश को बढ़ावा देने के साथ दोनों पक्षों के कारोबार के लिए नए अवसर तैयार करने पर जोर दिया जा रहा है।
डिफेंस प्रोडक्शन और मिलिट्री एक्सचेंज पर चर्चा
बैठक में रक्षा सहयोग को भी प्रमुखता मिली। पीएम मोदी ने बताया कि भारत और स्विट्जरलैंड ने मिलिट्री एक्सचेंज, डिफेंस प्रोडक्शन और रक्षा सहयोग की नई संभावनाओं पर चर्चा की है। यह पहल दोनों देशों के रिश्तों को सिर्फ आर्थिक साझेदारी तक सीमित रखने के बजाय रणनीतिक सहयोग का दायरा बढ़ाने की दिशा में अहम मानी जा रही है।
न्यूक्लियर एनर्जी में सहयोग बढ़ाने पर सहमति
भारत और स्विट्जरलैंड ने न्यूक्लियर एनर्जी के क्षेत्र में सहयोग को आगे बढ़ाने पर भी सहमति जताई। ऊर्जा, रिसर्च और तकनीक से जुड़े क्षेत्रों में साझेदारी बढ़ने से दोनों देशों के बीच सहयोग के नए अवसर पैदा हो सकते हैं।
गाइ परमेलिन बोले- भरोसा और सम्मान रिश्तों की नींव
स्विट्जरलैंड के राष्ट्रपति गाइ परमेलिन ने भारत यात्रा को दोनों देशों की साझेदारी को और मजबूत करने का महत्वपूर्ण अवसर बताया। उन्होंने कहा कि भारत और स्विट्जरलैंड के रिश्ते साझा लोकतांत्रिक मूल्यों, भरोसे और आपसी सम्मान पर आधारित हैं। परमेलिन ने भारत-EFTA TEPA की पहली वर्षगांठ का भी उल्लेख किया। उनके मुताबिक, यह समय अब तक की प्रगति को देखने के साथ दोनों देशों के साझा भविष्य के लिए नई प्राथमिकताएं तय करने का भी है।
जयशंकर की भी परमेलिन से अहम मुलाकात
विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने भी स्विट्जरलैंड के राष्ट्रपति गाइ परमेलिन से मुलाकात की। इस दौरान दोनों देशों के द्विपक्षीय संबंधों को आगे बढ़ाने और TEPA से पैदा हुए व्यापारिक अवसरों पर चर्चा हुई। विदेश मंत्रालय के अनुसार, भारत और स्विट्जरलैंड के बीच लंबे समय से मैत्रीपूर्ण संबंध हैं। लगातार उच्च-स्तरीय संपर्क ने दोनों देशों की साझेदारी को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
.jpg&w=3840&q=75)

.jpg&w=3840&q=75)